उदय सिंह लोधी, दमोह। सर्दी ने दमोह में पूरी तरह दस्तक दे दी है। शुक्रवार से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह और रात के समय गलन बढ़ गई है। सर्द हवाओं के तेज झोंकों ने आमजन को ठिठुरन का एहसास करा दिया है।
यह भी पढ़ें :डिप्टी कलेक्टर सदर ज्ञान प्रताप सिंह ने की विकास कार्यों की समीक्षा
शहर का न्यूनतम तापमान कल 11 नवंबर को अलसुबह 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में पारा और नीचे जा सकता है।
सुबह के समय हल्के कोहरे की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। सर्दी के बढ़ते असर से गरम कपड़ों की बिक्री में तेजी आई है, शहर और अंचलों में लोग सार्वजनिक स्थानों तथा चाय की दुकानों पर अलाव के आसपास जुटकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। सर्द हवाओं की दस्तक ने नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड का एहसास करा दिया है।
बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और राहगीर सुबह-सुबह ठंडी हवाओं से बचाव करते नजर आ रहे हैं। दमोह अब पूरी तरह सर्द मौसम के आगोश में है और आने वाले दिनों में यह ठंड और भी असर दिखा सकती है।
कड़ाके की ठंड के बावजूद नगर पालिका अमले ने अब तक शहर में अलाव की व्यवस्था नहीं कराई है। इससे जरूरतमंद और खुले में रात बिताने वाले लोग ठंड से जूझ रहे हैं। नागरिकों ने नगर पालिका से शीघ्र अलाव की व्यवस्था कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें :मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग


