दुर्गा प्रसाद गुप्त,महाराजगंज। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यालय में आयोजित भव्य स्वागत–अभिनंदन समारोह ऐतिहासिक बन गया।k कार्यकर्ताओं के अभूतपूर्व उत्साह और स्नेह से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में संगठन और कार्यकर्ताओं को भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
यह भी पढ़ें :नगर पंचायत तमकुही राज के नाराज सभासदों ने जिलाधिकारी कुशीनगर को पत्रक देकर कार्रवाई की मांग की
पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही संगठन की आत्मा होता है। यहां समर्पण, निष्ठा और परिश्रम के आधार पर एक सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष दायित्व तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि “आज जो सम्मान और जिम्मेदारी मुझे मिली है, वह मेरे कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत और विश्वास का परिणाम है।”
प्रदेश अध्यक्ष ने महाराजगंज की जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि कतरारी से लेकर भाजपा कार्यालय तक जिस तरह लोगों ने घरों से निकलकर स्वागत किया, वह उनके लिए अविस्मरणीय है। “आप लोगों ने मुझे सात बार सांसद बनाया और आज इतने बड़े प्रदेश का अध्यक्ष बनने का सौभाग्य दिया, इस ऋण को मैं जीवन भर नहीं उतार पाऊंगा,” कहते हुए वे भावुक हो गए।
उन्होंने संगठन को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त करना ही प्राथमिक लक्ष्य होगा। कार्यकर्ताओं से उन्होंने अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभाव के साथ काम करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया, जबकि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने गदा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय, जिला, मंडल व मोर्चा स्तर के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें :भारत नेपाल सीमा पर तस्करी पर करारा प्रहार, 29 क्विंटल से अधिक मक्का जब्त


